जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों का व्यापक तबादला कर दिया है। देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में कुल 46 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर और पोस्टिंग किया गया है, जिससे पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। इस फेरबदल के तहत 12 से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) को बदला गया है, जिससे कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की मंशा स्पष्ट हो रही है।
जारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास किया गया है। एडीजी मनोज कौशिक को उनके वर्तमान दायित्व के साथ एडीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि पंकज कंबोज को आईजी मानवाधिकार का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। नरेन्द्र कुमार सिंह को आईजी पलामू तथा शैलेंद्र सिन्हा को जोनल आईजी बोकारो बनाया गया है।
इसके अलावा क्रांति गडीदेशी को आईजी निगरानी सह सुरक्षा (झारखंड विद्युत बोर्ड) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि माइकल राज एस को रेल आईजी नियुक्त किया गया है। वहीं बोकारो जोनल आईजी रहे सुनील भास्कर को अब जैप आईजी का दायित्व सौंपा गया है।
जिला स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। एसीबी में तैनात अनिमेष नैथानी को चतरा का नया एसपी बनाया गया है। निधि द्विवेदी को सरायकेला, आशुतोष शेखर को गढ़वा, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, अमन कुमार को हजारीबाग, कपिल चौधरी को पलामू, नाथू सिंह मीणा को बोकारो, शंभू सिंह को जामताड़ा और ऋषभ गर्ग को खूंटी का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं अनुदीप सिंह, अजय कुमार, सुमित अग्रवाल सहित कई जिलों के वर्तमान एसपी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में पदस्थापित किया गया है।
सरकार के इस बड़े फैसले को प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नए पदस्थापित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।
राज्य में इस बड़े पैमाने पर हुए तबादले के बाद पुलिस विभाग में नई ऊर्जा और कार्यशैली देखने की उम्मीद जताई जा रही है।