जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के निर्देश पर शुक्रवार को बीएस कॉलेज पिकेट थाना क्षेत्र अंतर्गत 143AG मुख्य मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान देर रात संध्या 11:30 बजे से लेकर दोपहर 2:30 बजे तक लगातार चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वाहनों की सघन जांच की गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराना था। जांच के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, नंबर प्लेट, ओवर स्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल फोन का उपयोग, नाबालिग द्वारा वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया।
अभियान के दौरान करीब 150 से 200 दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। जांच के क्रम में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 40 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 59 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह जुर्माना ऑनलाइन ई-पॉस मशीन के माध्यम से मौके पर ही काटा गया, जिससे पारदर्शिता बनी रही।
जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न केवल कानूनी बाध्यता है, बल्कि यह उनकी जान की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई कि वे सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।
इस अभियान में जिला सड़क सुरक्षा टीम, ट्रैफिक इंचार्ज तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।