जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: जिले में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को “विश्व प्लंबर दिवस” के अवसर पर जल जीवन मिशन के तहत जल महोत्सव पखवाड़ा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम लोहरदगा स्थित पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सभागार में उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के सहायक अभियंता ने उपस्थित प्लंबर साथियों का स्वागत करते हुए जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजलापूर्ति योजनाओं के सफल संचालन, रखरखाव और समय-समय पर मरम्मत में प्लंबर साथियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि योजनाओं का सही तरीके से संचालन करना है तो स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित प्लंबर की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक एवं कनीय अभियंताओं ने भी जल जीवन मिशन की योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है, जिसके लिए स्थानीय स्तर पर तकनीकी सहयोग देने वाले प्लंबर साथियों की भूमिका बेहद अहम है।
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजनाओं के बेहतर रखरखाव और संचालन में योगदान देने वाले जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 10 प्लंबर साथियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी प्लंबर साथियों को “प्लंबर किट” भी प्रदान किया गया, जिससे वे पेयजल योजनाओं के रखरखाव और मरम्मत कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्लंबर साथी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी प्रखंडों के वॉश समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जल महोत्सव पखवाड़ा के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, स्वच्छता तथा सुरक्षित पेयजल के प्रति जनजागरूकता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के माध्यम से ही जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल की दिशा में स्थायी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।