जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/नई दिल्ली: लोहरदगा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दानिश अली ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। दानिश अली ने लोहरदगा जिले में युवाओं और छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्थानीय स्तर पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई मिलकर छात्र हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि आम छात्रों और युवाओं तक संगठन की पहुंच और प्रभाव को और मजबूत किया जा सके।
मुलाकात के बाद दानिश अली ने कहा कि विनोद जाखड़ के नेतृत्व में एनएसयूआई पूरे देश में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और छात्र हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया है।
दानिश अली ने कहा कि आने वाले समय में लोहरदगा सहित पूरे झारखंड में छात्रों की आवाज को और अधिक मजबूती के साथ उठाया जाएगा। वहीं विनोद जाखड़ ने भी दानिश अली के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जिले में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रोत्साहित किया।