जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया। फैसले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है और न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय का वे सम्मान करते हैं। कार्यकर्ताओं ने इसे “सत्य और न्याय की जीत” बताते हुए कहा कि इस फैसले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आलमगीर आलम लंबे समय से जनता की सेवा करते रहे हैं और झारखंड के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को शुरू से विश्वास था कि न्यायालय में सत्य सामने आएगा और न्याय मिलेगा।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक बदले की भावना से विपक्षी नेताओं को परेशान करने और बदनाम करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बेहद जरूरी है और न्यायपालिका ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश का संविधान और न्याय व्यवस्था मजबूत है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि आगे भी न्यायिक प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी।
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास करती रही है और आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला महासचिव शाहिद अहमद बेलू, मुजम्मिल अंसारी, आरिफ हुसैन बबलू, सांसद के स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, परवेज कुरैशी, माजिद अहमद चौधरी, मीनू खान, असलम अंसारी, सेराज अंसारी, तारीक अनवर, रिंकू कुरैशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।