जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को लोहरदगा नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर अली ने झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से शिष्टाचार मुलाकात कर नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर अली ने मंत्री के समक्ष नगर परिषद क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे। उन्होंने शहर में सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, शहरी गरीबों के लिए आवास, जलजमाव की समस्या, सौंदर्यीकरण तथा नगर क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया।
अब्दुल कादिर अली ने कहा कि लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन बढ़ती आबादी के साथ कई बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने मंत्री से मांग की कि नगर क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं को जल्द स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जाए ताकि आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार के सहयोग से लोहरदगा शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नगर उपाध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य झारखंड के सभी शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों का संतुलित विकास करना है।
मंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि शहरों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों, ताकि आम लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके। नगर परिषद क्षेत्र में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से रोजगार, व्यापार और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा।