जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए लोहरदगा पुलिस लगातार दूसरे दिन भी जिले के प्रमुख नदी घाटों पर विशेष स्वच्छता और सुरक्षा अभियान चलाया। सिठियों नदी घाट एवं पुल के आसपास पुलिस बल ने व्यापक साफ-सफाई करते हुए कचरा, प्लास्टिक और मलबे को हटाया, ताकि पूजा-अर्चना के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने भाग लिया और छठ पर्व की तैयारियों को लेकर पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी की अपील
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने आम जनता से आग्रह किया कि छठ महापर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता, अनुशासन और समाज में एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घाटों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार का प्लास्टिक या कचरा नदी में न फेंके।
अभियान में शामिल अधिकारी
स्वच्छता अभियान में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को वेदांत शंकर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) समीर तिर्की, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लोहरदगा श्रद्धा केरकेट्टा, सार्जेंट मेजर शेरु कुमार रंजन, सार्जेंट विवेक कुमार, सार्जेंट मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
