जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर जहां एक ओर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं दूसरी ओर चुनावी वर्चस्व की राजनीति की भी शुरुआत होती नजर आ रही है। ताजा मामला नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से सामने आया है, जहां वार्ड प्रत्याशी तबस्सुम नाज के लगाए गए चुनावी पोस्टरों को फाड़े जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद चुनावी माहौल में तनाव बढ़ने की संभावना है और निष्पक्ष चुनाव को लेकर भी कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1 के कुरैशी मोहल्ला क्षेत्र में प्रत्याशी तबस्सुम नाज के समर्थन में लगाए गए चुनावी पोस्टरों को अज्ञात लोगों द्वारा फाड़ दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पोस्टर हाल ही में लगाए गए थे, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना को लेकर समर्थकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली है।
चुनावी माहौल के बीच इस तरह की घटनाओं को लेकर लोगों का कहना है कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। चुनाव में सभी प्रत्याशियों को समान अवसर मिलना चाहिए और इस तरह की घटनाएं प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर सकती हैं।
नगर परिषद चुनाव जैसे स्थानीय चुनाव में इस तरह की घटनाएं चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकती हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।