जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोहरदगा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार बालमुकुंद लोहरा की जीत का दावा करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार जल, जंगल और जमीन की रक्षा करते हुए आम जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए संचालित मैया सम्मान योजना का सकारात्मक प्रभाव जनता के बीच दिखाई दे रहा है और इसी का परिणाम नगर परिषद चुनाव में भी देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जनता इस बार नगर परिषद चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार को भारी मतों से जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और पार्टी नगर परिषद चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में लोहरदगा में झारखंड मुक्ति मोर्चा का अपना सांसद और विधायक भी होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने में लगातार जुटे हुए हैं और पार्टी का मुख्य उद्देश्य झारखंड मुक्ति मोर्चा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।
मोजम्मिल अहमद ने कहा कि आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लोहरदगा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवारों की शानदार जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से संगठनात्मक रूप से तैयारी की जा रही है। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के विकास को लेकर कहा कि पहले भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा और उसके बाद शहर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने का काम किया जाएगा।
उन्होंने आवास योजना में भ्रष्टाचार और घूसखोरी के मुद्दे पर भी बात करते हुए कहा कि अगर झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार नगर परिषद चुनाव जीतते हैं तो सरकार की किसी भी योजना में एक रुपये का भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ बिना किसी घूस या दबाव के दिलाना पार्टी की प्राथमिकता होगी।