जोहार हिंदुस्तान | नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद देशभर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने परिणामों पर अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जहां बिहार की जनता को धन्यवाद दिया, वहीं चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने कहा,
“मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार का यह चुनाव परिणाम कई मायनों में चौंकाने वाला है।
“हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था।”
राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र की गंभीर लड़ाई बताते हुए कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन इस पूरे परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे।
“यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।”
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि बिहार में कई चरणों में मतदान के दौरान प्रशासनिक पक्षपात और चुनावी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं, जिन्हें पार्टी अब दस्तावेजों के साथ समीक्षा करेगी। वहीं, महागठबंधन के अंदर भी रणनीति और सीट-वार समीकरण पर चर्चा की संभावना है।
बिहार के इस नतीजे को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। विपक्षी दलों का फोकस अब आगे की रणनीति तय करने और जनता के बीच अपनी बात को मजबूत तरीके से रखने पर रहेगा।
