जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने राज्यभर के जिलों में अपने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इस घोषणा के बाद पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर सुखैर भगत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह केवल पद प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि पार्टी के प्रति निष्ठा, परिश्रम और समर्पण को सिद्ध करने का समय है।
उन्होंने कहा कि “जिन्हें पुनः यह जिम्मेदारी मिली है, उनके सामने और बड़ी चुनौती है कि वे विश्वास और भरोसे की कसौटी पर खरे उतरें। वहीं, जिन्हें पहली बार यह अवसर मिला है, उन्हें अपने कार्य और कर्म से पार्टी की मजबूती का नया अध्याय लिखना होगा।
प्रकाश उराँव ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सुखैर भगत पर जो भरोसा जताया है, वह केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे जिले की जनता और कार्यकर्ताओं पर विश्वास का प्रतीक है। अब यह जिम्मेदारी हम सबकी है कि इस भरोसे को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि गुटबाजी से ऊपर उठकर भाईचारा बनाए रखें, हर कार्यकर्ता को समान अवसर दें और हर आवाज को सम्मानपूर्वक सुनें। यही संगठन की असली ताकत है।
प्रकाश उराँव ने कहा,
“कभी-कभी पार्टी हित में कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं। ऐसे समय में व्यक्तिगत भावनाओं से ऊपर उठकर संगठन के हित को सर्वोपरि रखना चाहिए। क्योंकि नेता आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी एक विचार है, एक आंदोलन है, जो अपने सिद्धांतों और विचारधारा से चलती है।”
उन्होंने सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अवसर जिम्मेदारी और कर्तव्य का स्मरण कराता है। हमें मिलकर जनता की आवाज को बुलंद करना है और कांग्रेस को नई ऊर्जा, नई ऊँचाई और नई दिशा देनी है।