जोहार हिंदुस्तान | रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर आयोजित कार्यक्रम की जमकर सराहना की। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने पूरे देश में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत की, जिसका राज्यस्तरीय शुभारंभ झारखंड में भी किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव होती है। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर हर कोई सजग रहना चाहिए।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस
सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड में महिलाओं और बच्चियों के बीच कुपोषण, अनीमिया और अन्य बीमारियों से निपटने के लिए कई मुहिम चलाई जा रही हैं। राज्यभर में महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि उन्हें समय पर इलाज और पोषण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सुरक्षित होंगी, तभी वे शिक्षा, आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनेंगी, और इससे पूरा समाज, राज्य और देश आगे बढ़ेगा।
आधी आबादी का सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, अंतरिक्ष और हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। झारखंड सरकार भी आधी आबादी के सशक्तिकरण को लेकर कई योजनाओं को लागू कर रही है।
राजनीतिक मायने
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा खुलकर की गई सराहना को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
झारखंड की सियासत में विपक्ष और सत्ता पक्ष अक्सर आमने-सामने रहते हैं, ऐसे में सीएम सोरेन का पीएम मोदी की पहल की तारीफ करना राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।