जोहार हिंदुस्तान | रांची : उर्स के मुबारक मौके पर आज राजधानी रांची स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार शाह बाबा की दरगाह पर आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दरगाह पर चादरपोशी की और राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, अमन-चैन, प्रगति और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
दरगाह पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर उर्स कमेटी की ओर से उन्हें विशेष सम्मान दिया गया। कमेटी सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पगड़ी पोसी कर उन्हें आदर और शुभकामनाएँ दीं। साथ ही, उन्हें झारखंड आंदोलन के प्रणेता रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर भेंट की गई।
उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन (श्रद्धालु) दरगाह पहुंचे और समाज में भाईचारा, आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने का संकल्प लिया। दरगाह प्रांगण में पूरे दिन मेले जैसा उत्सव और धार्मिक माहौल बना रहा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि झारखंड की पहचान उसकी सांस्कृतिक विविधता और धार्मिक सहिष्णुता है। रिसालदार शाह बाबा जैसी पवित्र हस्तियां समाज को हमेशा शांति और एकता का संदेश देती रही हैं।