जोहार हिंदुस्तान | गुमला : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश पर मोटरयान निरीक्षक (MVI) रॉबिन अजय सिंह के नेतृत्व में देवाकी क्षेत्र में यह अभियान संचालित हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट यात्रा, ट्रिपल राइडिंग, ट्रकों और बॉक्साइट वाहनों में ओवरलोडिंग जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई। साथ ही वाहन मालिकों द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, परमिट, रोड टैक्स और PUC प्रस्तुत न करने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की गई। अनाधिकृत प्रेशर हॉर्न और मल्टी-टोन हॉर्न के इस्तेमाल पर भी कड़ी कार्यवाही हुई।
इस विशेष जांच में कुल 52 लोगों को नियम उल्लंघन करते पकड़ा गया। मौके पर ही 91,750 (इक्यानबे हजार सात सौ पचास रुपये) का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व और नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह ने स्वयं चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही का नतीजा होती हैं, इसलिए हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पालन करे।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि इस तरह के अभियान जिले में अनुशासित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई और जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।