जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : आगामी 14 सितंबर को लोहरदगा नया नगर भवन में आयोजित होने वाले मोमिन कॉन्फ्रेंस महासम्मेलन की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने और संगठन को मज़बूत करने के लिए सोमवार को प्रदेश सचिव सह कार्यक्रम संयोजक हाजी अब्दुल जब्बार अंसारी के आवास पर कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हाजी सिकंदर अंसारी ने की।
सभी प्रखंडों में प्रभारी नियुक्त
महासम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में प्रभारी नियुक्त किए गए। इनमें
किस्को प्रखंड : रूस्तम अंसारी
भंडरा प्रखंड : मोहम्मद इम्तियाज अंसारी
कैरो प्रखंड : युवा जिलाध्यक्ष ऐनुल अंसारी
कुड़ू प्रखंड : हातिम अंसारी
लोहरदगा सदर प्रखंड : हाजी मुमताज अंसारी
पेशरार प्रखंड : रौनक इकबाल
सदर प्रखंड : एजाज अंसारी
सेन्हा प्रखंड : जहुर अंसारी
सभी प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे दो दिनों के भीतर प्रखंड अध्यक्षों से बैठक कर रिपोर्ट जिला कमेटी को सौंपें।
समाज को जागरूक करने पर ज़ोर
बैठक को संबोधित करते हुए हाजी अब्दुल जब्बार अंसारी ने कहा महासम्मेलन का मकसद सिर्फ़ कार्यक्रम को सफल बनाना नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना और सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँचाना हमारा असली उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन समाज को एकसूत्र में बाँधने और हक-अधिकार की लड़ाई को मज़बूती देगा।
बड़ी हस्तियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अंसारी समाज के लोग शामिल होंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष मंज़ूर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, केंद्रीय महासचिव सगीर अंसारी समेत कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में 13 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा जाएगा।
तैयारियों की कड़ी निगरानी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंगलवार को भंडरा मदरसा और बुधवार को सेन्हा प्रखंड के अर्रू चौक पर सुबह 10 बजे समीक्षा बैठक होगी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सवारत हुसैन, प्रदेश महासचिव मोजम्मिल अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष जहूर अंसारी, यूथ जिलाध्यक्ष ऐनुल अंसारी, नगर अध्यक्ष सेराज अंसारी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।