जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : आजादी के 79वें अमृत पर्व पर पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह चरम पर है। झारखंड के लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड स्थित नवाडीह पंचायत भी इस राष्ट्रीय महापर्व से अछूता नहीं रहा। यहां पंचायत की मुखिया मीना कुमारी के नेतृत्व और समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता कुद्दूस अंसारी की अगुवाई में भव्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के रंग में रंग गए।
झंडोत्तोलन के बाद संबोधित करते हुए मुखिया मीना कुमारी ने कहा..
“हमारे देश की आजादी हजारों वीर सपूतों की कुर्बानियों का परिणाम है। हमें गर्व है कि हम इस आज़ादी के पर्व को हर्ष और गौरव के साथ मना पा रहे हैं।”
कांग्रेस नेता कुद्दूस अंसारी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा..
“हम सबको यह आजादी उन वीरों की शहादत और बलिदान की वजह से मिली है। उनका त्याग हमेशा हमें देश की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने पूरे जोश और सम्मान के साथ तिरंगे को सलामी दी, देशभक्ति के नारे लगाए और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरा माहौल देशभक्ति के गीतों और तिरंगे के रंग में सराबोर हो गया।