जोहार हिंदुस्तान | झारखंड /लोहरदगा: कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ आज शाम लोहरदगा में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता और राहुल गांधी की उपस्थिति में लिए गए फैसले के तहत, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी “वोट चोर, गद्दी छोड़, कैंडल मार्च” आयोजित करेगी।
यह कैंडल मार्च आज 14 अगस्त 2025 को शाम 6 बजे कांग्रेस कार्यालय राजेन्द्र भवन से शुरू होकर पॉवरगंज चौक तक निकलेगा। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र बचाने के लिए जनता की आवाज़ को बुलंद करेगा।
जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने बताया कि इस मार्च में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश प्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, ओबीसी प्रकोष्ठ, एससी-एसटी प्रकोष्ठ, किसान विभाग, सभी प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रमुख, पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प है।