जोहार हिंदुस्तान : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वे वहां अपोलो अस्पताल में भर्ती झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
ज्ञात हो कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद गंभीर हालत में रांची से एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
डॉ. इरफान अंसारी ने दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा.. रामदास सोरेन जी झारखंड सरकार के वरिष्ठ मंत्री हैं। एक साथी मंत्री और मित्र होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं वहां जाकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लूं और उनके परिजनों को ढांढस बंधाऊं। हम सब उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
राज्य भर में प्रार्थनाएं
राज्यभर में मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उनके लिए प्रार्थना सभाएं आयोजित की हैं।