राजधानी रांची के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत के प्रतिष्ठित होटल समूह ताज ग्रुप द्वारा अब रांची में भी अपना शानदार होटल खोलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने ताज होटल के लिए धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी कोर कैपिटल क्षेत्र में 6 एकड़ जमीन की 60 वर्षों के लिए लीज पर स्वीकृति दे दी है।
यह लीज प्रक्रिया सोमवार को दोपहर 12 बजे रजिस्ट्री कार्यालय में पूरी की गई, जिसमें नगर विकास विभाग और ताज ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। लीज के तहत ताज ग्रुप ने सरकार को लगभग ₹4.20 करोड़ स्टांप शुल्क और अन्य फीस के रूप में अदा किए हैं।
नवंबर में हो सकता है शिलान्यास
ताज होटल का शिलान्यास नवंबर 2025 में होने की संभावना है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अनुमान है कि लगभग ₹400 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट चार वर्षों में पूरा हो जाएगा। ताज होटल के खुलने से राजधानी रांची को पर्यटन, कॉरपोरेट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
राजधानी में ताज होटल के निर्माण से न केवल सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, बल्कि झारखंड के पर्यटन, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को भी नई गति मिलेगी। होटल ताज के आगमन को राज्य के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।