जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में स्वीप कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में व्यापक मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान की शुरुआत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त डॉ. ताराचंद द्वारा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस दौरान उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में आगामी 23 फरवरी 2026 को मतदान होना है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के कुल 23 वार्डों के 46 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना आवश्यक है और सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान जरूर करें।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और नागरिकों को शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी लोग देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखें और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही धर्म, जाति, वर्ग, भाषा या किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर समाहरणालय परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने सेल्फी लेकर मतदान जागरूकता अभियान को बढ़ावा दिया। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से युवाओं और नए मतदाताओं में मतदान को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास सहित जिला स्तर के कई पदाधिकारी, स्वीप कोषांग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 23 फरवरी को मतदान अवश्य करें, ताकि मजबूत और जिम्मेदार स्थानीय सरकार का गठन हो सके।