जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी संदीप कुमार मीणा ने शनिवार को जिले के 43वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद से औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीणा ने कहा कि लोहरदगा जैसे महत्वपूर्ण जिले में सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे के लिए प्रभावी ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा।
वहीं, निवर्तमान उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए जिलेवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक टीम आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।