जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : सदर अस्पताल लोहरदगा में आज ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के तहत किशोरियों और किशोरों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान एनीमिया, मासिक स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष रूप से जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत किशोरियों और किशोरों का हीमोग्लोबिन, बॉडी मास इंडेक्स (BMI), ब्लड प्रेशर (BP), शुगर, आंख और दांत की जांच की गई। साथ ही उपस्थित सभी किशोरियों को आयरन की गोली और सैनिटरी नेपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन महिला ओपीडी की डॉ. निलोफर अहमद, पुरुष ओपीडी के डॉ. आर. पी. साहु, एएच काउंसलर सीता लिंडा तथा एफपी काउंसलर शकुंतला बाड़ा द्वारा किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में RKSK BTT अमित बिपिन केरकेट्टा, नमन प्रजापति, अर्बन BTT कल्पना देवी, प्राथी कुमारी एवं सहियाओं की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम में कुल 112 किशोरियाँ और 8 किशोर उपस्थित हुए। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और चिकित्सकीय जांच से लाभ उठाया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और किशोरों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और भविष्य में उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।