खेल युवाओं को देता है सकारात्मक दिशा : उपायुक्त संदीप कुमार मीना
मैदान में उतरने का जज्बा ही असली जीत : एसपी सादिक अनवर रिजवी
युवा शक्ति से मजबूत होंगे दिशोम गुरु के सपने : मोजम्मिल अहमद
जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : संत विनोबा स्टेडियम में आयोजित “दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता” का बेहद भव्य और रोमांचक माहौल में समापन हो गया। दूधिया रोशनी से जगमगाते मैदान, हजारों दर्शकों की मौजूदगी, जोरदार आतिशबाजी और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। फाइनल मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक था। देर रात तक दर्शकों की तालियों और नारों से पूरा स्टेडियम गूंजता रहा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का सबसे बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बड़ी संख्या में युवाओं ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और खेल प्रेमियों ने देर रात तक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, वह लोहरदगा में खेल संस्कृति के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरकर संघर्ष करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए आगे बढ़ने की अपील की।

प्रतियोगिता के संरक्षक एवं झामुमो जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के सपनों को साकार करने के लिए युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना है ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखाकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में इस प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
दूधिया रोशनी और चीयर लीडर्स के उत्साह के बीच खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय मुकाबले में “एके फाइटर” टीम विजेता बनी, जबकि प्रखंड स्तरीय मुकाबले में “बिंदास टीम” ने खिताब अपने नाम किया। वहीं लीजेंड श्रेणी में “लगान टीम” चैंपियन बनी।
समारोह के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर अली भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का विधिवत शुभारंभ किया तथा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रातभर चले इस भव्य आयोजन में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा। आतिशबाजी, तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के जोश ने संत विनोबा स्टेडियम को उत्सव में बदल दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, आयोजकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।