जोहार हिंदुस्तान | सहारनपुर/उत्तर प्रदेश: सहारनगपुर जिला के गंगोह क्षेत्र में एक मदरसे में मासूम बच्चे के साथ क्रूरता का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दो शिक्षक करीब 10 वर्षीय बालक को बेरहमी से छड़ी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
करीब 1 मिनट 49 सेकेंड के इस वीडियो में एक शिक्षक बच्चे को लगातार छड़ी से मारता दिख रहा है, जबकि दूसरा उसके पैर पकड़कर उसे पकड़े हुए है। दर्द से तड़पता और चीखता हुआ बच्चा रहम की गुहार लगाता नजर आता है, लेकिन दोनों आरोपी लगातार उसकी पिटाई करते रहते हैं। वहीं एक तीसरा व्यक्ति इस पूरी घटना का वीडियो बनाता दिखाई देता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो महीने पुराना है और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह के पास स्थित एक मदरसे का है। पीड़ित बच्चा पास के ही एक गांव का रहने वाला बताया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना गंगोह में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच भी जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।