जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : पंचम राज्य वित्त आयोग की टीम गुरुवार को दो दिवसीय लोहरदगा भ्रमण पर पहुँची। पहले दिन टीम ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर जमीनी हालात और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
आयोग की टीम में अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस ए.पी. सिंह और सदस्य प्रोफेसर हरेश्वर दयाल शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले परिसदन, लोहरदगा में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायतों को मिले आवंटन और कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद उगरा पंचायत का भ्रमण किया गया। यहाँ मुखिया बसंती देवी ने पंचायत की विस्तृत जानकारी दी। जिला परिषद अध्यक्ष ने पंचायत की उपलब्धियों से टीम को अवगत कराया, जबकि जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने योजनाओं और वित्तीय आवंटन का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
इचरी ग्राम में ग्रामीणों ने टीम को बताया कि किस प्रकार मुर्गी पालन, बतख पालन और अन्य योजनाओं से आय बढ़ी है। महिला मंडल की महामुनि देवी ने समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने और गरीबी से उबरने का अनुभव साझा किया। वहीं सखी मंडल की महिलाओं ने ग्राम पंचायत विकास योजना की प्रक्रिया और उसके सकारात्मक प्रभावों पर जानकारी दी।
आयोग ने मुरपा में सोलर प्लांट और आम बागवानी योजना का निरीक्षण किया। साथ ही, सेन्हा प्रखंड परिसर स्थित सिलाई सेंटर और प्रखंड स्तरीय पुस्तकालय का भी जायजा लिया। सिलाई सेंटर पर उत्पादक समूह से उत्पादन और आय की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आयोग ने महिलाओं और समूहों से बातचीत कर उनके आय-व्यय और कार्य क्षेत्र की विस्तृत जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि समय के साथ सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
आयोग शुक्रवार को जिला प्रशासन के साथ औपचारिक बैठक भी करेगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, प्रखंड विकास पदाधिकारी संग्राम मुर्मू समेत कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।