जोहार हिंदुस्तान | उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर जिले के अरनिया इलाके में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 43 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजस्थान जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक सभी श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान के गोगामड़ी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। जैसे ही वाहन अरनिया क्षेत्र से गुजर रहा था, पीछे से आ रहे कंटेनर ने तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार लोग चीख-पुकार करते हुए सड़क पर बिखर गए।
मृतकों और घायलों की पहचान जारी
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। उनका कहना है कि हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं लेकिन ट्रक और कंटेनर चालकों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने मांग की कि इस सड़क पर ट्रक-ट्रेलर की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाए।