जोहार हिंदुस्तान डेस्क/समस्तीपुर बिहार: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक अनोखी और खुशी से भर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के एक निजी अस्पताल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है, जिसमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और मां भी बिल्कुल सुरक्षित है।
यह प्रसव न केवल परिवार के लिए बल्कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए भी हैरानी का विषय बना हुआ है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि 40 साल के चिकित्सा करियर में पहली बार उन्होंने ऐसा मामला देखा है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ महीने पहले जब महिला चेकअप के लिए आई थीं, तब अल्ट्रासाउंड में साफ हो गया था कि उनकी कोख में चार शिशु एक साथ पल रहे हैं।
महिला के परिजन जब उन्हें प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल लेकर आए, तो अस्पताल प्रशासन ने पूरी सतर्कता और विशेषज्ञता के साथ केस को संभाला। मेडिकल टीम की मेहनत और सूझबूझ के चलते यह दुर्लभ प्रसव पूरी तरह सफल रहा।
इस अनोखी घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सभी बच्चों को अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में निगरानी में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे देखरेख कर रही है।
परिजनों ने ईश्वर और डॉक्टरों का आभार जताते हुए कहा कि ये उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। इस ख़बर ने इलाके में खुशी और कौतूहल का माहौल बना दिया है। यह घटना मेडिकल साइंस में एक दुर्लभ मिसाल मानी जा रही है। बिहार के समस्तीपुर में पहली बार सामने आया ऐसा मामला।