जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में अधिसूचना कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी की गई है। इस व्यापक बदलाव के तहत राज्य के कई जिलों में नए उपायुक्त (डीसी) की नियुक्ति की गई है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में नई गति और पारदर्शिता लाने की कोशिश की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद को चतरा का नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं आईएएस अधिकारी राजीव रंजन को जमशेदपुर, संदीप कुमार को लातेहार, अनन्य मित्तल को गढ़वा, दिलेश्वर महतो को गुमला, मेधा भारद्वाज को पाकुड़ और लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को देवघर का दायित्व सौंपा गया है, जबकि लातेहार के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा भेजा गया है। हेमंत सती को हजारीबाग, मनीष कुमार को चाईबासा, कोडरमा के उपायुक्त ऋतुराज को रामगढ़ तथा दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज का उपायुक्त बनाया गया है।
सरकार ने आईएएस दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी, संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा और आलोक कुमार को जामताड़ा का उपायुक्त नियुक्त किया है।
इस बार सरकार ने अपेक्षाकृत युवा और ऊर्जावान आईएएस अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपते हुए प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने की स्पष्ट मंशा जताई है। सभी नव पदस्थापित उपायुक्तों को 24 घंटे के भीतर अपने-अपने जिलों में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में सुशासन को मजबूत करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों से जिलों में प्रशासनिक कार्यशैली में बदलाव आएगा और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक तेजी से पहुंचेगा।