जोहार हिंदुस्तान |लोहरदगा/झारखंड : पवित्र रमज़ान के आखिरी अशरे के अवसर पर दावते इस्लामी इंडिया के तत्वावधान में शहर के न्यू रोड स्थित मस्जिद ए फैज़ाने अत्तार में 10 दिवसीय इज्तिमा इतिकाफ का आयोजन किया गया।
इस दौरान लोहरदगा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए इस्लामी भाइयों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रमज़ान के इस पवित्र महीने में अकीदतमंदों ने लगातार 10 दिन और 10 रात मस्जिद में रहकर इबादत की, अपने गुनाहों की माफी मांगी और अल्लाह की रज़ा हासिल करने की कोशिश की।
इतिकाफ के दौरान लोगों ने न सिर्फ इबादत की, बल्कि समाज सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने का भी संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने भविष्य में अच्छे कर्मों को अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का प्रण लिया।
इस इज्तिमा इतिकाफ में कुल 19 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उन्हें तोहफे भी प्रदान किए गए।
इस आयोजन को सफल बनाने में मोहम्मद सलमान रिजवी, सुलेमान अंसारी, सज्जाद अत्तारी, हाजी शमशेर कुरैशी, हाजी मुमताज अंसारी और मुन्सफ कुरैशी सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।