जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक नगर भवन, लोहरदगा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने की।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में ईद, सरहुल, रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा, चैती छठ तथा गुड फ्राइडे जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाने हैं। यह सभी के लिए विशेष समय है, इसलिए सभी को मिल-जुलकर इन त्योहारों को मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे जिले या राज्य की छवि प्रभावित हो तथा पुरानी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपने-अपने गांव और मोहल्लों में सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में संरक्षण न दें और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
सूचनाएं समय पर करें साझा
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना को तत्काल जिला प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।
मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि खराब पड़े चापाकल और जलमीनारों की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कार्यपालक अभियंता को पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने तथा विद्युत विभाग को जर्जर और झूलते तारों को ठीक करने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी, अफवाह से बचें
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि सोशल मीडिया सूचना का सशक्त माध्यम है, लेकिन इसके दुरुपयोग की संभावना भी अधिक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेश प्रसारित न करें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की टीम सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है। साथ ही अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील रूटों का निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर अली, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों से आए शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने अपने विचार साझा करते हुए जिले में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।