जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को जिला कार्यालय राजेन्द्र भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिन देशभर में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आज़ादी दिलाने वाले युगपुरुष थे। उन्होंने कहा कि बापू के विचार आज भी सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मजबूत नींव हैं। गांधी जी का संपूर्ण जीवन सादगी, त्याग और अन्याय के विरुद्ध शांतिपूर्ण संघर्ष की अनुपम मिसाल है।

जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत आज के डिजिटल युग में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से सत्य, अहिंसा, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि बापू के विचार ही मजबूत लोकतंत्र और समरस समाज की आधारशिला हैं।
अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी ने कहा कि महात्मा गांधी सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों को समान सम्मान देने वाले महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति का संदेश देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण भारत का निर्माण संभव है।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, प्रदेश युवा महासचिव विशाल डूंगड़ूंग, पूर्व जिला सचिव परवेज सिदीकी, प्रखंड अध्यक्ष सत्यदेव भगत, युवा जिलाध्यक्ष दानिश अली, एनएसयूआई अध्यक्ष मनौवर आलम, युवा विधानसभा अध्यक्ष आसिफ इमाम, सेराज अंसारी, मीनू खान, रिजवान आलम, राकेश कुमार साहू, परवेज अंसारी, मदन प्रसाद और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।