जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत ने जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोहों में भाग लिया। इस क्रम में उन्होंने लूथरन हाई स्कूल, महिला महाविद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में झंडोत्तोलन किया और कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने स्कूली बच्चों और छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व और उसके मूल मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, लेकिन इसके साथ ही नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों, भाषणों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
सांसद सुखदेव भगत ने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए सभी देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों को अपने जीवन में उतारकर ही हम एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करे।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि भारतीय संविधान देश की आत्मा है और इसका सम्मान एवं संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल आदर्शों को समझें, अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।