जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को कुड़ू प्रखंड मुख्यालय में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस जन संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना तथा उनके समाधान को लेकर ठोस पहल करना रहा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनसमस्याओं के साथ-साथ मनरेगा बचाओ अभियान, ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी गठन, पेसा अधिनियम और BLA-2 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और नेताओं ने उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि झारखंड में पेसा कानून का लागू होना आदिवासी समाज और ग्राम स्वशासन के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि पेसा कानून से ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार मिलेंगे और जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और मजबूत होगी। इससे आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को संवैधानिक संरक्षण प्राप्त होगा। सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही पेसा कानून के पक्ष में रही है और इसके सही क्रियान्वयन के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पेसा कानून की जानकारी देने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस ही आदिवासियों के अधिकारों की सच्ची प्रहरी है।
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बजट में कटौती कर गरीबों से रोजगार छीना जा रहा है। मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। डॉ. उरांव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है और मजदूरों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को मजबूत करने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।
जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत गांव स्तर से ही आती है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकता बनाए रखने, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही आम जनता की सच्ची आवाज है और जिला कांग्रेस हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है।
BLA मास्टर ट्रेनर विशाल डूंगडूंग ने प्रखंड से आए सभी BLA-2 को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में BLA-2 की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना उनका मुख्य दायित्व है। उन्होंने घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्र करने और किसी भी गड़बड़ी की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत और त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है।
इस जन संवाद कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, जिला अध्यक्ष सुखैर भगत, लोहरदगा विधानसभा BLA मास्टर ट्रेनर विशाल डूंगडूंग, खूंटी विधानसभा से प्रकाश उरांव, संतोष महतो, सांसद के निजी सहायक आलोक साहू, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जसवाल, हाजी सदरुल अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष दानिश अली, प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर, मंडल अध्यक्ष सुशील उरांव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता को मजबूत करने और जनसंघर्ष को और तेज करने के संकल्प के साथ किया गया।