जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: झारखंड पुलिस ने संवेदनशीलता, सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो मासूम बच्चों अंश कुमार और अंशिका कुमारी को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर खटाल, थाना धुर्वा, जिला रांची निवासी अंश कुमार (उम्र लगभग 5 वर्ष) एवं अंशिका कुमारी (उम्र लगभग 4 वर्ष) के अपहरण के संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26 दिनांक 03 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
बच्चों की बरामदगी के लिए झारखंड पुलिस द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। विज्ञापन के माध्यम से दोनों बच्चों की जानकारी साझा की गई और प्रति बच्चे 2 लाख रुपये, कुल 4 लाख रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की गई। इस दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में प्रतिदिन 1000 से अधिक कॉल प्राप्त हुईं, जिनका सत्यापन कर सूचनाओं पर कार्रवाई की गई।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने 500 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया, वहीं 5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन किया गया। झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेम्पो स्टैंड, हाट-बाजार एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर के माध्यम से भी प्रचार किया गया। जगन्नाथपुर और धुर्वा थाना क्षेत्र में ड्रोन कैमरे की सहायता से संदिग्ध और संभावित स्थानों का निरीक्षण किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक एवं सह-पुलिस महानिदेशक, झारखंड के निर्देशानुसार पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया। साथ ही विभिन्न बाल संगठनों के सहयोग से भी मामले की सूचना व्यापक रूप से प्रसारित की गई। डीआईजी दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा लगातार समीक्षा कर विशेष टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।
लगातार दबिश और छापेमारी अभियान के क्रम में आज दिनांक 14 जनवरी 2026 की सुबह रांची पुलिस ने रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से दोनों बच्चों को सकुशल और स्वस्थ अवस्था में बरामद किया। बच्चों की पहचान उनके माता-पिता द्वारा सत्यापित की गई। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बच्चों की मेडिकल जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें शीघ्र ही परिजनों को सौंपा जाएगा।
झारखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
