जोहार हिंदुस्तान | रांची : राजधानी रांची से सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ISIS से जुड़े संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात करीब 2:00 बजे लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित एक लॉज में की गई। ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड ATS और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध आतंकी लंबे समय से रांची में रह रहा था और गुप्त रूप से आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। उसके पास से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार संदिग्ध पर UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों को खंगाल रही हैं। माना जा रहा है कि वह भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना में शामिल था।
यह कोई पहली घटना नहीं है जब झारखंड से आतंकियों की गिरफ्तारी हुई हो। अप्रैल 2025 में भी हजारीबाग से दो संदिग्ध आतंकी पकड़े गए थे। वहीं, नवंबर 2023 में रांची से भी ISIS से जुड़े कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों की लगातार चौकसी से यह साफ है कि आतंकी संगठन छोटे शहरों और कस्बों में छिपने की कोशिश कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस दिशा में पूरी तरह सतर्क हैं और लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।