जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने भाजपा पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। भाजपा वोट चोरी करके सत्ता में आई है और बिहार विधानसभा चुनाव से उसकी उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
भाजपा पर सीधा वार
धीरज साहू ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आरोप बिल्कुल सच है। पहले चुनाव में 50–60% वोटिंग होती थी, लेकिन अब अचानक 80–100% तक कैसे पहुंच जाता है? ये लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ी धोखाधड़ी है। भाजपा ने धांधली कर वोट चुराए और सरकार बनाई। जब हमारे राष्ट्रीय नेता प्रमाण के साथ आरोप लगा रहे हैं, तो चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए, न कि भाजपा के इशारे पर काम करना।
बिहार चुनाव से बदलेगा देश का माहौल
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बिहार में जनता अब बदलाव के मूड में है। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा ने पूरे बिहार में जोश भर दिया है। जनता अब भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। बिहार में इंडिया गठबंधन प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा और यही 2029 में भाजपा की विदाई का रास्ता बनेगा।
महंगाई और जीएसटी से तबाह जनता
पूर्व सांसद धीरज साहू ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई और टैक्स से आम आदमी की कमर तोड़ दी है। अनाप-शनाप जीएसटी ने व्यापार को खत्म कर दिया है। महंगाई ने जनता की रसोई तक उजाड़ दी है। राहुल गांधी ने शुरू से चेताया था कि यह जीएसटी गलत है, और आखिरकार भाजपा को झुककर उसमें सुधार करने पड़े।
कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान
पूर्व सांसद ने कांग्रेस संगठन को लेकर कहा कि आज कार्यकर्ताओं की राय से जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी चुने जा रहे हैं। यही कांग्रेस की ताकत है जहां नेता जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज से तय होते हैं, न कि किसी दबाव से।