जोहार हिंदुस्तान | रांची: झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शुक्रवार को एयर एंबुलेंस के ज़रिए गुरुग्राम ले जाया गया। बीते गुरुवार को अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली-एनसीआर स्थित गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया है। एयर एंबुलेंस तक पहुँचने के लिए मंत्री हफीजुल हसन खुद वार्ड से पैदल चलते हुए एंबुलेंस में सवार हुए।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पूरी तरह स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें बाहर रेफर किया गया है।
मंत्री हफीजुल हसन झारखंड सरकार में एक सक्रिय मंत्री माने जाते हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। कई नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।