जोहार हिंदुस्तान | पटना : बिहार की सियासत में अब भोजपुरी स्टार पावर का तड़का लगने वाला है। शुक्रवार शाम को पटना में बिहार के उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने मुलाकात की। यह मुलाकात महज़ औपचारिक नहीं, बल्कि बेहद राजनीतिक मायनों से भरी मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, खेसारी लाल यादव आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राजद (RJD) के लिए स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएंगे। यानी चुनावी मैदान में अब तेजस्वी यादव के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा का सबसे बड़ा चेहरा भी जनता से सीधा संवाद करता नज़र आएगा।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
तेजस्वी यादव और खेसारी लाल यादव की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि खेसारी लाल यादव की लोकप्रियता और उनकी सीधी पकड़ बिहार–पूर्वांचल की जनता पर राजद के लिए बड़ी ताक़त साबित हो सकती है।
भोजपुरी सिनेमा की दुनिया में खेसारी लाल यादव का जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। गांव–गांव तक उनकी पहचान और पकड़ मजबूत है। यही वजह है कि आरजेडी उन्हें चुनाव प्रचार में उतारकर युवाओं और ग्रामीण मतदाताओं को लुभाने की रणनीति बना रही है।
क्या खेसारी लाल यादव राजनीति में उतरेंगे?
इस मुलाकात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या खेसारी लाल यादव सिर्फ स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएंगे या फिर आगे चलकर सीधे राजनीति में भी एंट्री करेंगे? हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि आने वाले चुनावों में खेसारी लाल यादव की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।