जोहार हिंदुस्तान | नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में देशभक्ति और जज़्बे से भरा नज़ारा देखने को मिला। तेज़ बारिश के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राष्ट्रगान गाकर सभी का दिल जीत लिया। बारिश में भीगते हुए भी उन्होंने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया।
इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने तिरंगा फहराने के बाद स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। खरगे ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई में कांग्रेस की अहम भूमिका रही है और पार्टी हमेशा देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया। बारिश के बावजूद माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के नारे गूंजते रहे।