जोहार हिंदुस्तान | पटना : बिहार में Zee News के वरिष्ठ पत्रकार रवि त्रिपाठी ने लंबे समय तक पत्रकारिता में अपनी सेवाएं देने के बाद अब राजनीति की राह पकड़ ली है। उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने रवि त्रिपाठी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
रवि त्रिपाठी ने सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से उन्होंने वर्षों तक जनता की आवाज़ को मंच देने का काम किया, लेकिन अब वे प्रत्यक्ष राजनीति में आकर लोगों की समस्याओं को हल करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने भाजपा नेतृत्व और गृहमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प से प्रेरित होकर पार्टी में आए हैं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी में अनुभवी और जनहित के लिए समर्पित लोगों का स्वागत हमेशा किया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि रवि त्रिपाठी के जुड़ने से भाजपा को बिहार में और मजबूती मिलेगी।
रवि त्रिपाठी का पत्रकारिता से राजनीति में आना बिहार के मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि पत्रकार से नेता बने रवि त्रिपाठी, राजनीति के मैदान में किस तरह अपनी नई पारी की शुरुआत करते हैं।