जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा जिला के शहरी क्षेत्र स्थित बंगला आजाद बस्ती में संचालित यूनिवर्सल एकेडमी ऑफ एजुकेशन में बुधवार 22 अप्रैल को वर्ल्ड अर्थ डे के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन, भाषण प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पृथ्वी को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की आवश्यकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर छात्रों ने हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर हाजी अफसर कुरैशी ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन तभी संभव है जब हम सभी मिलकर पर्यावरण को दूषित होने से बचाएं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और जल स्रोतों जैसे नदियों एवं तालाबों को स्वच्छ रखने की अपील की।
विद्यालय के कोषाध्यक्ष जैद कुरैशी ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां धरती को मां का दर्जा दिया गया है, इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित धरती का निर्माण करें।
वहीं प्रधानाध्यापिका बुसरा अफसर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट, पेंटिंग और भाषण यह दर्शाते हैं कि नई पीढ़ी पर्यावरण के प्रति जागरूक हो रही है। उन्होंने सभी से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आमना मुस्कान, दरक्सा, तशबीहा, जुबेड़ा, आमरीन, अफसाना सहित कई छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल भी की।