जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला के कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालयों एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में नामांकन की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विद्यालयों में रिक्त सीटों के विरुद्ध प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए नामांकन प्रक्रिया को और तेज करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान यह पाया गया कि झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, पेशरार में अल्पसंख्यक वर्ग की दो सीटों को छोड़कर अन्य सभी विद्यालयों में नामांकन हेतु पर्याप्त आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इस पर उपायुक्त ने विशेष रूप से पेशरार प्रखंड के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पेशरार के साथ समन्वय स्थापित कर अल्पसंख्यक वर्ग की रिक्त सीटों के लिए जल्द से जल्द आवेदन जेनरेट कराए जाएं और उन्हें नामांकन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में सीटें खाली न रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र छात्रा तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, जिससे अधिक से अधिक छात्राएं इन आवासीय विद्यालयों का लाभ उठा सकें और उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के प्रभारी, सभी आवासीय विद्यालयों की वार्डन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने स्तर से नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूर्ण कराने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सक्रिय भूमिका निभाते हुए सुनिश्चित करें कि जिले के किसी भी बालिका आवासीय विद्यालय में सीटें रिक्त न रहें और प्रत्येक पात्र छात्रा को शिक्षा का अवसर मिल सके।