जोहार हिंदुस्तान | नई दिल्ली : दिल्ली की झुग्गियों पर चला बुलडोजर और हजारों ज़िंदगियाँ बेघर राजधानी में एक बार फिर भाजपा सरकार के बुलडोजर एक्शन से करीब 15 हजार लोग बेघर हो गए। कांग्रेस की दिल्ली प्रदेश टीम ने आरोप लगाया है कि दिल्ली की BJP सरकार ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था के झुग्गीवासियों के आशियाने उजाड़ दिए और उनका सबकुछ छीन लिया।
झुग्गी-झोपड़ी के खिलाफ भाजपा सरकार की कार्रवाई के खिलाफ आज दिल्ली कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन और विधानसभा घेराव किया।
कांग्रेस नेताओं ने दी सरकार को चेतावनी
इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काज़ी निज़ामुद्दीन और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने की। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के घर तो तोड़ सकती है, लेकिन उनके हक और इज्ज़त की लड़ाई नहीं दबा सकती।
देवेंद्र यादव ने कहा.. “यह सरकार झुग्गियों पर बुलडोजर चला रही है, लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ेगी।”
पुलिस बल और वाटर कैनन से रोका गया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन और भारी बल के ज़रिए रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे और जमकर नारेबाज़ी की।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा.. “हम न्याय के योद्धा हैं, अन्याय के आगे झुकेंगे नहीं। BJP सरकार गरीबों को कुचलना बंद करे और बेघर लोगों को तुरंत मुआवज़ा और पुनर्वास दे।”
कांग्रेस की माँग
बेघर किए गए 15,000 लोगों को तुरंत वैकल्पिक आवास मिले।
पुनर्वास नीति के तहत मुआवज़ा दिया जाए।
बिना पूर्व सूचना और तैयारी के किसी भी झुग्गी पर कार्रवाई बंद हो।
संघर्ष जारी रहेगा
दिल्ली कांग्रेस ने एलान किया है कि अगर सरकार ने जल्द ही पीड़ित परिवारों को राहत नहीं दी, तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।