जोहार हिंदुस्तान | रांची : दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज रात करीब 7 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसको लेकर रांची एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम जनता की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। सभी की आंखें नम हैं और दिलों में बस एक ही भावना है अंतिम बार अपने नेता को श्रद्धांजलि देने की।
एयरपोर्ट पर दी जाएगी राजकीय श्रद्धांजलि
सूत्रों के अनुसार, गुरुजी के पार्थिव शरीर को विशेष विमान के माध्यम से दिल्ली से रांची लाया जा रहा है। रांची एयरपोर्ट पर झारखंड सरकार की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और झामुमो कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
मोराबादी स्थित आवास ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पार्थिव शरीर को मोराबादी स्थित गुरुजी के आवास ले जाया जाएगा, जहां आमजन के अंतिम दर्शन के लिए कुछ समय तक रखा जाएगा। पूरे मोराबादी क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
जनसैलाब उमड़ने की संभावना
गुरुजी के निधन से झारखंड भर में शोक की लहर है। आज रांची एयरपोर्ट और मोराबादी में हजारों की संख्या में लोग गुरुजी को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ने की संभावना है।