जोहार हिंदुस्तान डेस्क : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो वाहन नहर में पलट गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना मोतीगंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बोलेरो से मंदिर जा रहे थे। पारासराय-अलावल देवरिया मार्ग पर जैसे ही बोलेरो सरयू नहर पुल के पास पहुंची, चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। प्रशासन और पुलिस की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक बोलेरो में सवार 11 लोगों की जान जा चुकी थी।
मृतकों में कई बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पाकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की जांच के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक मुआवजा का क्या ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपया मुआवजा देने का ऐलान किया है।