जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : जिले के सेन्हा मुख्य सड़क पर देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान निगनी पंचायत निवासी केश्वर साहू के पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने स्पष्ट कहा है कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार मृतक किसी काम के सिलसिले में सिमडेगा गया था। वहां से लौटते समय रात करीब 8:30 बजे उसने परिवार से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद करीब 10:00 बजे सेन्हा जंगल के पास उसकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से शव को सदर अस्पताल लाया गया और इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।
मौके पर पहुंचे समिति सदस्य
घटना की जानकारी मिलते ही जय श्रीराम समिति के कोर कमेटी सदस्य श्रीमती सुषमा सिंह, अजय सोनी, लक्ष्मी भगत, जिला पदाधिकारी बजरंग करवा, मनोज राम और मंटू कुमार समेत बड़ी संख्या में सदस्य अस्पताल पहुंचे।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
समिति के कोर कमेटी सदस्य अजय सोनी ने कहा कि इस सड़क पर बार-बार हादसे होना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा इंतज़ाम न होने के कारण हर बार निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। प्रशासन केवल आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाता।
मुआवजे की मांग
जय श्रीराम समिति ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को तुरंत मुआवजा दिया जाए और इस सड़क पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।