जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि “झारखंड के युवाओं को अपने सपनों को बड़ा करना होगा। शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों पर हमें व्यापक दृष्टिकोण अपनाना होगा।” उन्होंने कहा कि आज के दौर में सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नई पीढ़ी को नए विचारों के साथ आगे बढ़ना होगा।
वे लोहरदगा नगर भवन में लव कुश महासभा द्वारा आयोजित लव-कुश जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
सामाजिक एकता और वैचारिक मजबूती पर जोर
सुदेश महतो ने कहा कि सामाजिक सद्भावना और राजनीतिक भागीदारी को नया स्वरूप देना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे न केवल शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित करें, बल्कि नैतिक और वैचारिक रूप से भी मजबूत बनें।
उन्होंने कहा.. भविष्य की ज़िम्मेदारी आज की पीढ़ी पर है। युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का संकल्प लेकर आगे आना होगा। युवा ही समाज की सच्ची उम्मीद हैं।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा, पावर लिफ्टिंग और नृत्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सुदेश महतो ने सम्मानित किया। इस अवसर पर कई छात्रों को टैबलेट भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक चिंतन और सामूहिक एकरूपता को बल देते हैं।
बेटियों को अवसर देने की जरूरत : संजय मेहता
कार्यक्रम को हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को हर क्षेत्र में अवसर देने की आवश्यकता है। “समाज को यह चिंतन करना होगा कि हमारी भागीदारी नौकरशाही, न्यायपालिका, राजनीति, पत्रकारिता और खेल के क्षेत्रों में कितनी है।”
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आर्थिक स्थिरता और सामाजिक संपन्नता पर ध्यान देना चाहिए। बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने और लैंगिक समानता सुनिश्चित करने की दिशा में समाज को गंभीर चिंतन करना होगा।
बड़ी संख्या में जुटे लोग
इस अवसर पर डॉ. देवशरण भगत, नम्रता कुमारी, हाकिम अंसारी, आशुतोष तिवारी, अंजू कुमारी, परवाज ख़ान, डॉ. पार्थ पारितोष समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की भीड़ ने हिस्सा लिया और इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।