जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग तथा खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के लिए अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने के बाद शकील अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिला आपूर्ति पदाधिकारी से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में खाद्य आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद ने समय पर राशन वितरण नहीं होने, नेटवर्क की समस्या के कारण लाभुकों को हो रही परेशानी, राशन की कथित कटौती तथा पीवीटीजी परिवारों से संबंधित मुद्दों को विस्तार से जिला आपूर्ति पदाधिकारी के समक्ष रखा।
शकील अहमद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गरीबों का निवाला किसी भी कीमत पर डकारने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही देशवासियों को भोजन का अधिकार कानून दिया है और पार्टी हमेशा से गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा करती रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता के हक और अधिकारों की रक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी और खाद्य वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार ने सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है और जहां भी शिकायतें मिलेंगी, वहां जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में नेहाल कुरैशी, रविंद्र सिंह खेरवार, अनीस अहमद, नईम अंसारी, शमीरुद्दीन अंसारी, मोजाहिर अंसारी, सुशीला देवी, अमृता भगत, सुनीता उरांव, अमृता उरांव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि खाद्य आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में आगे भी आवाज उठाती रहेगी।