जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : जिले में शुक्रवार को सांप काटने के तीन अलग-अलग मामलों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सभी मामलों में पीड़ितों को गंभीर हालत में लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया, जहां देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पहला मामला – पति का गुस्सा और पत्नी के प्रति प्रेम बना चर्चा
सदर थाना क्षेत्र के भुजनियां गांव निवासी बिरसू उरांव की पत्नी सुमन कुमारी को घर के दरवाजे पर खड़े होने के दौरान सांप ने काट लिया।
गुस्से में आकर पति ने तुरंत सांप को मार डाला, उसे प्लास्टिक में पैक कर अस्पताल तक ले आया, ताकि डॉक्टर यह सुनिश्चित कर सकें कि किस प्रकार का सांप था।
अस्पताल में जैसे ही लोगों ने प्लास्टिक में रखे सांप को देखा, हड़कंप मच गया।
लोग चर्चा करने लगे – “जहां सोशल मीडिया पर पति को सांप से मरवाने की घटनाएं सामने आती हैं, वहीं यहां पति ने प्यार और जिम्मेदारी का अनोखा उदाहरण पेश किया।”
डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया और महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दूसरा मामला – ओझा-गुनिया और झाड़-फूंक का नजारा
पेशरार रोड स्थित निगनी गांव की जय गोपाल नायक की पुत्री साक्षी कुमारी को सांप ने काट लिया।
परिजन उसे सदर अस्पताल लाए, लेकिन इलाज के साथ-साथ रांची से आए सपेरा (ओझा) द्वारा झाड़-फूंक कराई जाने लगी।
अस्पताल परिसर में यह नजारा देखते ही लोगों में कौतूहल और चर्चा का माहौल बन गया।
तीसरा मामला – नाबालिग लड़के की हालत गंभीर
एक अन्य घटना में एक नाबालिग बच्चे को सांप ने काट लिया।
बच्चे की स्थिति गंभीर बताई गई और उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रात 10 बजे तक अस्पताल में लगातार तीन-तीन मामलों के आने से अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
चिकित्सकों की अपील
सांप काटे जाने पर घबराएं नहीं, झाड़-फूंक या देरी न करें। तुरंत अस्पताल पहुंचना ही जीवन बचाने का सबसे वैज्ञानिक तरीका है।
