जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : मोमिन कॉन्फ्रेंस का बहुप्रतीक्षित महासम्मेलन 14 सितंबर, रविवार को सुबह 11 बजे नया नगर भवन में आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को पदाधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
इससे पूर्व होटल गैलेक्सी में जिला अध्यक्ष हाजी सिकन्दर अंसारी की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में प्रदेश सचिव सह संयोजक हाजी अब्दुल जब्बार ने विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महासम्मेलन में मोमिन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब फिरोज अंसारी, झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मंजूर अंसारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शहादत हुसैन, राष्ट्रीय महासचिव सगीर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली, अमानत अली सहित कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे।
बैठक में विशेष रूप से 15 सूत्री मांगों पर चर्चा की गई, जिसमें शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक अधिकारों जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। सम्मेलन के मंच से इन मांगों का ज्ञापन सरकार और संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
हाजी अब्दुल जब्बार ने जिले के सभी अंजुमन पदाधिकारियों और आम जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में महासम्मेलन में शामिल हों और अपने हक-अधिकार की आवाज़ बुलंद करें। उन्होंने बताया कि दूर-दराज़ से आने वाले मेहमानों के लिए विशेष खान-पान और ठहरने की व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव सगीर अंसारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सवाहरत हुसैन, प्रदेश महासचिव मुजम्मिल अंसारी, हाजी शकील अहमद, मुफ्ती सद्दाम हुसैन सकाफी, यूथ जिला अध्यक्ष ऐनुल अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष जहूर अंसारी, नगर अध्यक्ष सेराज अंसारी, मौलाना कलीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।